अाग लगने पर फैक्ट्री से उठता धुअां।
- फोटो : Manish
गीडा स्थित एआरपी चप्पलफैक्ट्री के गोदाम में गुरुवार की देर रात आग लग गई। आग कितनी भयावह थी, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 18 घंटे की कोशिश के बाद एयरफोर्स के फायर ब्रिगेड की मदद से इस पर काबू पाया जा सका। आगजनी में एक करोड़ से अधिक के नुकसान की बात कही जा रही है। मौके पर पहुंचे डीएम, एसपी ग्रामीण ने घटना की जानकारी ली। फैक्ट्री प्रबंधतंत्र आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बता रहा है।
पिपरौली, सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार गुरुवार की रात 12 बजे सेक्टर 13 में स्थित एआरपी (आजम रबर प्रोडक्टर्स) फैक्ट्री के गोदाम में आग लग गई। धुएं के साथ आग की लपटें देखकर कर्मचारी भयभीत हो गए। उन्होंने फायर ब्रिगेड के साथ ही मालिक को सूचना दी। रात एक बजे मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाना शुरू किया, लेकिन आग काबू में नहीं आ रही थी। स्थिति विकराल होने पर रात दो से सुबह छह बजे तक गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर गाड़ियाें का आवागमन ठप रहा। इस कारण फोरलेन पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
सुबह 10 बजे तक आग न बुझने पर एयरफोर्स से दमकल की गाड़ी बुलानी पड़ी। शाम छह बजे तक चली कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दोपहर बाद मौके पर पहुंचे डीएम ओएन सिंह ने फैक्ट्री मालिक से घटना की जानकारी ली। फैक्ट्री प्रबंधतंत्र नुकसान के आकलन की जानकारी जुटाने के साथ ही शार्ट सर्किट से आग लगने की बात कह रहा है।
रात भर फैक्ट्री में जमी रही फायर ब्रिगेड की टीम
शाम छह बजे एआरपी फैक्ट्री में लगी आग पर फायर ब्रिगेड की टीम ने काबू पा लिया। धुआं निकलने के कारण फायर ब्रिगेड की टीम को पूरी रात यहां मुस्तैद रहने का निर्देश डीएम ने दिया था। देर रात तक कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश में लगे थे। फैक्ट्री प्रबंधतंत्र आग बुझने के बाद नुकसान का सही आकलन हो पाने की बात कह रहा है।