चौरीचौरा के बिलारी में बृहस्पतिवार की रात जन्माष्टमी समारोह में नशे की हालत में पहुंचे मनबढ़ ने हंगामा शुरू कर दिया। हटाने की कोशिश करने पर चाकू से हमला कर एक युवक को घायल कर दिया। घटना के बाद वह फरार हो गया। वहीं गगहा में जन्माष्टमी समारोह से लौट रहे छात्र पर युवकों ने हमला कर दिया। स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार बिलारी गांव में बृहस्पतिवार की रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का समारोह चल रहा था। रात 11 बजे गांव का रहने वाला अजय यादव नशे की हालत में पहुंचा। आरोप है कि उसने पूजा के दौरान अश्लील बातें करने के साथ ही गाली - गलौज शुरू कर दी। गांव के देवेंद्र सिंह ने मना किया तो चाकू से उनके चेहरे, कान और गले के पास हमला कर घायल कर दिया। गांववालों के पकड़ने की कोशिश करने पर फरार हो गया। घरवालों ने घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही देवेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
हाटा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार कोठा गांव में ननिहाल आया प्रतिमेश गुप्ता (18) दुर्गा मंदिर पर चल रहे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह से लौट रहा था। आरोप है कि गांव के गोलू सिंह, आकाश सिंह, चंदन सिंह ने बेरहमी से पिटाई करने के साथ ही डंडे से हमला कर सिर फोड़ दिया। घर के लोग प्रतिमेश को सीएचसी गगहा ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।