पुलिस की गिरफ्त में अाराेपी (लाल शर्ट में)।
एमएलसी संतोष यादव उर्फ सनी के नाम से एसएसपी को फोन कर गनर मांगने का एक मामला सामने आया है। युवक के दबाव बनाने पर जब एसएसपी ने जांच कराई तो इस फर्जीवाड़े से पर्दा हटा। छानबीन के बाद कैंट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
20 अगस्त की शाम 5:33 बजे एसएसपी रामलाल वर्मा के सीयूजी पर मोबाइल नंबर 9454616354 से फोन आया। कॉल रिसीव करने पर फोन करने वाले युवक ने खुद को बस्ती मंडल का विधान परिषद सदस्य संतोष यादव उर्फ सनी बताया और हरपुर-बुदहट के रामनगरसूरत निवासी गोलू राय उर्फ सच्चिदानंद को अपना प्रतिनिधि बताते हुए गनर देने की सिफारिश करने लगे। एसएसपी ने उसे जांच कराकर कार्रवाई करने का भरोसा दिया तो वह दो सिपाहियों को उसकी सुरक्षा में लगाने का दबाव बनाने लगा। बातचीत के लहजे से फोन करने वाले पर संदेह होने पर एसएसपी ने जांच कराई तो सच्चाई सामने आ गई।
छानबीन में पता चला कि एमएलसी संतोष यादव उर्फ सनी का नाम लेकर गोलू राय ने खुद फोन किया था और जिस नंबर से उसने कॉल किया था, वह सहजनवां के रामचंदर के नाम से था। एसएसपी के निर्देश पर उनके पीआरओ आशुतोष सिंह ने कैंट थाने में गोलू राय उर्फ सच्चिदानंद के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया। कैंट पुलिस ने सोमवार देर रात दबिश देकर गोलू राय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार दोपहर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।