फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्लीनिक में घुसकर डॉक्टर को पीटा

Sun, 21 Feb 2016 02:01 AM IST
गोरखपुर। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
बेतियाहाता में शनिवार की शाम डॉक्टर की क्लीनिक में घुसकर युवकों ने हमला बोल दिया। डॉक्टर के साथ ही कर्मचारियों की पिटाई करने के बाद उन्होंने मोबाइल, चेन और घड़ी लूट ली। पुलिस के घेराबंदी करने पर बदमाश मौके पर अपनी दोनों बाइक छोड़कर भाग निकले। पीड़ित डॉक्टर ने आर्यन हॉस्पिटल के एक कर्मचारी समेत 20 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
विज्ञापन


हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सीएन द्विवेदी की बेतियाहाता में रीड साहब धर्मशाला के पास क्लीनिक है। दाउदपुर स्थित आर्यन हॉस्पिटल में उन्होंने अपने मरीज को भर्ती कराया था। ठीक होने के बाद भी मरीज से हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने रुपयों की मांग की। उसने डॉ. द्विवेदी से जान पहचान का हवाला दिया लेकिन उसे डिस्चार्ज नहीं किया गया। मरीज ने इसकी जानकारी दोपहर तीन बजे डॉक्टर सीएन द्विवेदी को दी। हॉस्पिटल पहुंचने पर इस बावत वहां के कर्मचारी अमित पांडेय से उनकी हाथापाई हो गई। अन्य कर्मचारियों ने बीच - बचाव के बाद मामला शांत हो गया और डॉ. द्विवेदी अपने क्लीनिक पर चले आए। शाम चार बजे आठ बाइकों पर सवार 20 युवकों को लेकर अमित उनके क्लीनिक पहुंच गया। केबिन में घुसने के बाद डॉक्टर द्विवेदी पर रॉड से हमला कर दिया।

सीने, पैर और हाथ में चोट लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच - बचाव करने पहुंचे कर्मचारी प्रशांत द्विवेदी, फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर संतोष द्विवेदी घायल हो गए। इसके बाद हमलावरों ने डॉक्टर द्विवेदी से मोबाइल, चेन और घड़ी छीन ली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेरेबंदी कर दो हमलावरों की बाइक कब्जे में ले ली। डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन


डॉक्टर भाइयों का है दो लाख रुपये से अधिक का बकाया
डॉक्टर सीएन द्विवेदी के बड़े भाई केएन द्विवेदी बाल रोग विशेषज्ञ हैं। दोनों भाई दो साल से आर्यन हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को देखते हैं। आरोप है कि दोनों भाइयों की फीस का भी हॉस्पिटल पर दो लाख से अधिक का बकाया है। इसे मांगने पर हॉस्पिटल के कर्मचारी अमित ने पहले भी उन्हें धमकी दी थी। शनिवार की दोपहर रुपये के लिए मरीज की छुट्टी न करने पर डॉक्टर सीएन द्विवेदी ने बकाए का हिसाब करने के लिए कहा तो उसने विवाद कर लिया।

सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना
डॉक्टर सीएन द्विवेदी और उनके कर्मचारियों पर हुए हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। तहरीर मिलने के बाद क्लिनिक पर पहुंची कैंट पुलिस ने डीवीआर से फुटेज का रिकॉर्ड लिया। इसके आधार पर हमलावरों की शिनाख्त में पुलिस जुटी है।

डॉक्टर की क्लीनिक में घुसकर हमला और लूटपाट करने वालों की तलाश चल रही है। सीसीटीवी कैमरे से हमलावरों की शिनाख्त की कोशिश चल रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अभय मिश्रा, सीओ कैंट
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें