विजय चौक के पास स्थित खन्ना लॉज में रविवार की देर शाम फल व्यापारी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लॉज के कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया। सिपाही की सूचना पर मोर्चरी पहुंचे घर वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस लॉज मैनेजर को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है।
तुर्कमानपुर के राजघाट के मूल निवासी राजेंद्र सोनकर (55) महुई सुघरपुर में मकान बनाकर रहते हैं। फलमंडी में उनकी आरके फर्म के नाम से आढ़त है। रविवार की सुबह करीब आठ बजे वह घर से मंडी पहुंचे और वहां से नौ बजे शहर की तरफ निकल गए। रात आठ बजे राजेंद्र के बेटे प्रदीप ने उनके मोबाइल पर फोन किया तो कोतवाली थाने के सिपाही ने रिसीव कर होटल में लाश मिलने की जानकारी दी। घर वाले जिला अस्पताल के मोर्चरी पहुंचे तो सिपाही ने बताया कि खन्ना लॉज के रूम नंबर 107 में रविवार की शाम छह बजे के करीब फर्श पर लाश पड़ी मिली।
पुलिस हार्ट अटैक से व्यापारी की मौत होने की बात कह रही है। इंस्पेक्टर कोतवाली विजयराज सिंह ने बताया कि व्यापारी का मोबाइल और जेब में रखे रुपये सुरक्षित मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।
कुशीनगर के पते पर रुके थे राजेंद्र
राजेंद्र, खन्ना लॉज के रूम नंबर 107 में दोपहर 12:30 बजे पहुंचे थे। शाम तक कमरा खाली करने की जानकारी उन्होंने लॉज के कर्मचारी को दी थी। छह बजे तक राजेंद्र के कमरे से बाहर न निकलने पर कर्मचारी चेक करने पहुंचे तो दरवाजा खुला होने के साथ ही फर्श पर राजेंद्र की लाश पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी पास में मिले मोबाइल से शिनाख्त करने का प्रयास नहीं किया। रात आठ बजे घरवालों का फोन आने पर उन्हें सिपाही ने घटना की जानकारी दी। इसी आधार पर परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे है। कोतवाली पहुंचे परिवार के लोगों ने बताया कि राजेंद्र कभी होटल में नहीं रुकते थे।