वसूली के आरोप में बरगदवां पुलिस चौकी के सस्पेंड हुए तीन सिपाहियों पर बुधवार की रात भ्रष्टाचार का केस दर्ज हुआ। एसएसपी के निर्देश पर एसओ ने तीनों सिपाहियों पर केस दर्ज कराया है। सीओ गोरखनाथ डीएन शुक्ल इस मामले की जांच करेंगे।
एसओ चिलुआताल रामपाल सिंह ने सस्पेंड हुए बरगदवां पुलिस चौकी के सिपाही रियाज अहमद, सुरेश यादव, धीरेंद्र सिंह के खिलाफ 7/13 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया। अवैध वसूली की शिकायत की जांच में तीनाें सिपाही रंगे हाथ पकड़े गए थे। इसके बाद एसएसपी अनंत देव ने इन्हें सस्पेंड करने के साथ ही पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव समेत सात सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया था। सीओ गोरखनाथ डीएन शुक्ल को इस मामले की जांच मिली है। भ्रष्टाचार के आरोप में सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी अनंत देव ने बताया कि भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जिले के सभी थानेदार, चौकी प्रभारी को अपने क्षेत्र में स्थिति ठीक करने का निर्देश दिया है।