गोरखपुर। सराफ कारोबारियों से चंदन सिंह के नाम पर रंगदारी मांगने वाले बदमाशों की तलाश में राजघाट पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम दबिश दे रही है। शनिवार की देर रात इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने और धमकी देने का केस दर्ज कर लिया। दूसरी तरफ लखनऊ जेल में बंद शातिर चंदन को शासन ने बदायूं जेल में स्थानांतरित कर दिया है।
पुलिस फोन नंबर के जरिए संदिग्धों को चिन्हित कर रंगदारी मांगने वाले तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। चंदन के नाम पर सराफ कारोबारियों को फोन गोरखपुर और इसके आसपास से मांगा गया था। पीड़ित सर्राफ महेश और कृपाशंकर वर्मा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एसओ राजघाट ने शनिवार की देर रात दबिश दी। छानबीन के बाद पुलिस घटना में कुछ स्थानीय लोगों के शामिल होने का संदेह जता रही है जिनके जरिए सराफ कारोबारियों की गतिविधि की जानकारी धमकी देने वाले को रोजाना मिल रही है। चिन्हित किए गए कुछ लोगों की तलाश में एसओ राजघाट के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले।