गोरखपुर। रिक्शा कंपनी मालिक पर तिवारीपुर पुलिस ने हत्या कर साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज किया है। रिक्शा चलाने वाले महराजगंज के मजदूर की हत्या के बाद रेलवे लाइन पर शव ले जाकर फेंकने का आरोप है। आईजी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करने के बाद एसओ मामले की छानबीन कर रहे हैं।
महराजगंज कोतवाली के सजन अग्रहरी राजघाट के बसंतपुर में स्थित रिक्शा कंपनी में किराए पर रिक्शा लेकर चलाते थे। 29 नवंबर 2015 को डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर उनकी लाश मिली थी। बेटे सुभाष ने रिक्शा कंपनी मालिक बसंतपुर निवासी टीपू कुशवाहा के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
पुलिस ने इसे आत्महत्या बताते हुए कोई कार्रवाई नहीं की। सुभाष ने आईजी को प्रार्थना देकर लेनदेन के विवाद में पिता की हत्या कर हादसा बताने के लिए रेलवे लाइन पर शव ले जाकर फेंकने की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। आईजी के निर्देश पर शनिवार की देर रात तिवारीपुर पुलिस ने रिक्शा कंपनी मालिक पर केस दर्ज किया। एसओ तिवारीपुर रामज्ञा सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पीड़ित की ओर से दिए गए साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।