सहजनवां कब्जे में शनिवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने सब्जी लेकर घर जा रही महिला की पिटाई कर चेन लूटकर फरार हो गए। घटना से सहमी महिला एक घंटे तक सदमे में रही। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार वार्ड नंबर 16 लुचुई की रहने वाली मिनता सिंह शनिवार रात आठ बजे सब्जी लेकर घर जा रही थीं। ओवरब्रिज के नीचे पहुंचने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया चेन खींचने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए चेन छीनकर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से मिनता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर छानबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। महिला के गले पर चोट के निशान थे। घटना से वह एक घंटे तक सदमे में रही। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मिनता सिंह ने तहरीर दी है। पति अष्टभुजा सिंह की मौत के बाद वह पीको का काम कर परिवार की जीविका चलाती हैं। एसओ बृजेश यादव ने बताया बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जंगल कौड़िया में लूटा महिला का मंगलसूत्र
जंगल कौड़िया। रेलवे क्रासिंग के पास शनिवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने महिला का मंगलसूत्र लूट लिया। बस्ती की रहने वाली महिला रिश्तेदार के यहां से घर जा रही थी। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। बस्ती, लालगंज के भानपुर निवासी राजेश की पत्नी शीला जंगल कौड़िया के कहरपुरवां टोला में रिश्तेदार के घर आई थी। शनिवार की शाम पांच बजे वह घर लौट रही थीं। इसी बीच रेलवे क्रासिंग के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मार मंगलसूत्र लूट लिया और सिंहोरवा की तरफ भाग गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही रिश्तेदारों को दी। जंगल कौड़िया चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।