सिटी मॉल के पास शनिवार की दोपहर स्कूल से बेटे के साथ लौट रहीं शिक्षिका के स्कूटर में बाइक सवार युवकों ने टक्कर मार दी। इससे स्कूटर अनियंत्रित हो गया और वह सड़क पर गिर गईं। इससे उनके दाहिने हाथ में चोट लग गई। राहगीरों ने आरोपी युवको को पकड़कर कैंट पुलिस के हवाले कर दिया। देर रात तक तहरीर न मिलने पर उन्हें मुचलके पर छोड़ दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एलिना सेंट जोसेफ कॉलेज में टीचर हैं। शनिवार दोपहर दो बजे स्कूल की छुट्टी होने पर बेटे के साथ वह स्कूटर से घर लौट रहीं थीं। सिटी मॉल के पास टेंपो को ओवरटेक कर आगे आए बाइक सवार युवकों ने सामने से आ रहीं शिक्षिका के स्कूटर में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़ीं और उनके दाहिने हाथ में चोट लग गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बाइक की चाभी निकाल सूचना कैंट पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर हॉक दस्ते का सिपाही बाइक और आरोपी युवकों को थाने ले आए।
तहरीर न मिलने पर युवकों को पुलिस ने मुचलके पर छोड़ दिया। हिरासत में लिए गए आरोपियों में एक सिपाही का बेटा भी था। इंस्पेक्टर कैंट राजीव सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में किसी ने तहरीर नहीं दी है।