खोराबार में फोरलेन पर बुधवार की रात स्टूडियो संचालक की पिटाई कर बदमाशों ने वीडियो कैमरा और रुपये लूट लिए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अराजी बसडीला के रहने वाले स्टूडियो संचालक रात 12:30 बजे दिव्य नगर में आयोजित समारोह की रिकार्डिंग कर लौट रहे थे।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार आराजी बसडीला गांव के अमित मौर्य क्षेत्र के गोबरहिया चौराहे पर ओम साईं कंप्यूटर के नाम से दुकान है। शादी, समारोह में वह वीडियो रिकार्डिंग की बुकिंग करते हैं। बुधवार को दिव्य नगर में समारोह की रिकार्डिंग करके रात 12:30 बजे बाइक से अमित घर लौट रहे थे। खोराबार में फोरलेन पर बहरामपुर गांव से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल से आतंकित कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों की पिटाई से अमित बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाश बैग में रखा दो वीडियो कैमरा, दो मोबाइल और पर्स लूट ले गए।
आधे घंटे बाद होश में आने पर अमित ने राहगीरों की मदद से घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। बृहस्पतिवार की सुबह थाने पहुंचकर उन्होंने तहरीर दी। उन्होंने बताया कि पर्स में सात हजार रुपये थे। खोराबार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।