आर्केस्ट्रा ग्रुप से फरमाइशी गाने को लेकर हंगामा कर रहे युवकों ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों की पिटाई कर दी। विरोध करने पर हवाई फायरिंग कर दरवाजे पर खड़ी बाइक तोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों पर मारपीट और लूट का आरोप लगाते हुए घटना के संबंध में तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
हाटा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार राजगढ़ गांव के रहने वाले बुद्धिराम यादव के घर सोमवार को बच्चे के मुंडन था। शाम को प्रीतिभोज के साथ ही आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम था। रात 12 बजे के करीब फरमाइशी गाने को लेकर गांव के ही संजय, विपिन, विशाल, कुंवर और हरिहर ने हंगामा शुरू कर दिया। जब बुद्धिराम ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पीड़ित के भाई सतिराम, बेटा लालमन और रिश्तेदार लालू पर भी मनबढ़ों ने हमला दिया और तमंचे से हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी।
शोर सुनकर परिवार के लोग जुट गए। इस बीच हंगामा करने वाले युवक दरवाजे पर खड़ी बाइक में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। बुद्धिराम ने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम में देने के साथ ही मंगलवार सुबह गगहा थाने पहुंचकर तहरीर दी। बुद्धिराम ने युवकों पर बेटी शांति और रिश्तेदार लालू का चेन लूटने का आरोप भी लगाया है। एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। हंगामा करने वालों पर कार्रवाई होगी।