महिलाओं को सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए शुरू किए गए एंटी रोमियो अभियान का दायरा बढ़ाया जाएगा। अब हर गांव में पुलिस जाएगी और वहां के चार से पांच मनचलों को चिह्नित करेगी। इन मनचलों को पहले थाने बुलाकर उनकी काउंसिलिंग की जाएगी। इस पर भी वे नहीं सुधरे तो उनके खिलाफ गुंडा एक्ट और जिला बदर की कार्रवाई होगी। आईजी मोहित अग्रवाल ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रदेश की सत्ता संभालने के साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले आधी आबादी की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखा। इसके बाद जिले में एंटी रोमियो सेल का गठन किया गया। इसका असर भी सामने आया। कोचिंग, स्कूल के सामने से मनचले भाग चुके हैं। अब शहर से इसका दायरा बढ़ाकर गांव तक ले जाया जाएगा। आईजी मोहित अग्रवाल ने जोन के सभी एसएसपी, एसपी को यह आदेश दिया है कि वे अपने-अपने इलाके के ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाएं और हर गांव से चार-पांच मनचलों को चिह्नित करें। पहले उनकी कांउसिलिंग करें और न सुधरने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
आईजी का मानना है कि शहरी क्षेत्र में मनचलों पर अंकुश लग चुका है। अब ग्रामीण इलाकों में भी इस पर काम करने की जरूरत है। इसलिए पुलिस को गांव में जाकर मनचलों को चिह्नित करने का आदेश दिया गया है।