सुबह पांच बजे लाल डिग्गी पार्क टहलने जा रहीं 73 साल की बुजुर्ग महिला की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत करा दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस ट्रक और चालक के बारे में जानकारी जुटाने के लिए दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
राजघाट के शेखपुर निवासी अमित दादानिया आर्टिफिशियल ज्वेलरी के कारोबारी हैं। घंटाघर में उनकी दुकान है। उनकी मां विमला देवी घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित लाल डिग्गी पार्क में रोजाना सुबह टहलने जाती थीं। शुक्रवार की सुबह पांच बजे भी वह मोहल्ले की दो अन्य महिलाओं के साथ पार्क जा रही थीं। अभी वह गीता प्रेस के सामने ही पहुंची थी कि लाल डिग्गी की तरफ से आ रहे ओवरलोड ट्रक से टकराकर केबल टूटकर उनके ऊपर गिर गया। वह केबल में फंस गई और छुड़ाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। कुछ दूरी पर मौजूद दोनों महिलाएं हादसे के बाद सहम गईं। उन्होंने विमला देवी के घरवालों को सूचना देने के साथ ही पुलिस को जानकारी दी। पुलिस दुकान और चौराहे के सीसीटीवी कैमरे से ट्रक नंबर के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसी दौरान पुलिस ने रेती चौराहे पर स्थित एक दुकान मालिक को जब सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाने के लिए कहा तो उसने बताया कि वह रात में कैमरा बंद करके घर चले जाते हैं। इस पर पुलिस ने नाराजगी भी जताई। पुलिस कुछ अन्य दुकानों से फुटेज लेकर ट्रक और चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।