खुफिया रिपोर्ट आने के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले और 26 जनवरी के मद्देनजर चौकसी बढ़ा दी गई है। गृह मंत्रालय से रिपोर्ट आने के बाद बॉर्डर पर एसएसबी जवानों की संख्या भी बढ़ाई गई है। भारत-नेपाल की खुली सीमा और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन तलाशी भी की जा रही है।
पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद खुफिया विभाग के एसएसबी अधिकारी ने गोपनीय पत्र भेजकर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली थी। 26 जनवरी के मद्देनजर भारत-नेपाल की खुली सीमा से आतंकियों के प्रवेश करने की आशंका के चलते आईवी, एसएसबी और सिविल पुलिस को संयुक्त रूप से सतर्क रहने का आदेश दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक ठूठीबारी, सोनौली, बहराइच, बढ़नी आदि सीमाओं पर एसएसबी जवानों को हर मूवमेंट की जानकारी मुख्यालय में देने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही बॉर्डर पर आने-जाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसएसबी डीआईजी डॉ. प्रफुल्ल कुमार रोशन लगातार बॉर्डर की हर मूवमेंट पर नजर रखे हुए हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थिति सामान्य है। लोग बिना खौफ के यात्रा कर रहे हैं। जवानों को बॉर्डर पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल ड्रेस में भी महिला-पुरुष जवान तैनात किए गए हैं।
-ओपी शाहू, सहायक प्रचार अधिकारी एसएसबी