ह्यूमन ट्रैफिकिंग के आरोप में इंडस्ट्रियलिस्ट गिरफ्तार
- फोटो : Amar ujala
ट्रेन से छपरा जा रही छात्रा को झांसा देकर युवक ने अपहरण कर लिया। कानपुर में ट्रेन से उतारने के बाद लखनऊ ले आया। 18 अगस्त की रात में उसे लेकर गोरखपुर पहुंचा। शनिवार को एएचटीयू की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा फोन पर छात्रा को झांसा देकर रेलवे स्टेशन बुलाने के बाद प्रतापगढ़ का युवक उसे साथ ले जा रहा था। टीम ने चेकिंग के दौरान उसे भी पकड़ लिया। छात्राओं को चाइल्ड लाइन भेजने के साथ ही आरोपियों पर अपहरण का केस दर्ज कराया है।
एएचटीयू (एंटी ह्यमन ट्रैफिकिंग यूनिट) टीम प्रभारी रामसुमेर त्रिपाठी को रेलवे स्टेशन पर दो किशोरी के साथ संदिग्ध युवकों के होने की जानकारी मिली। टीम के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर ने युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बरेली के देवरनिया, जिलभरपुर निवासी खतीब अहमद, और प्रतापगढ़ के तारडीह निवासी सिरताज अली के रूप में हुई। खतीब लुधियाना से छपरा जा रही 15 वर्षीय किशोरी से 16 अगस्त को ट्रेन में मिला था।
बातचीत के दौरान दोस्ती करके खुद को उसकी जाति का बताते हुए शादी करने का झांसा देकर कानपुर में ट्रेन से साथ लेकर उतर गया। यहां से दोनों लखनऊ पहुंचे और 18 अगस्त को गोरखपुर पहुंचे थे। रात भर रेलवे स्टेशन पर रुके थे। शनिवार की दोपहर एएचटीयू ने पकड़ लिया। किशोरी ने बताया कि वह हाईस्कूल में पढ़ती है। ट्रेन में युवक ने झांसा देकर कानपुर में जबरन उतार लिया।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर हाईस्कूल में पढ़ने वाली सिद्धार्थनगर जनपद की रहने वाली किशोरी मिल गई। प्रतापगढ़ के रहने वाले सिरताज अली से उसकी फोन पर बातचीत होती थी। शनिवार को छात्रा को उसने मिलने के लिए गोरखपुर बुलाया था यहां से उसे अपने साथ ले जाने की फिराक में था। एएचटीयू प्रभारी रामसुमेर त्रिपाठी ने दोनों छात्राओं को चाइल्ड लाइन भेजने के साथ ही उनके घरवालों को सूचना दे दी है। आरोपियों को कैंट पुलिस के हवाले करने के साथ ही उनके खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है।