रेप के आरोपी सुलह करने का पीड़ित पर दबाव बना रहे हैं। बात न मानने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। जुलाई में हुई घटना के बाद पीड़ित ने गोरखनाथ थाने में दुकानदार और उसके साथियों पर केस दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्रार्थनापत्र देकर अधिकारियों से सुरक्षा की मांगी की है।
गोरखनाथ क्षेत्र की रहने वाली महिला किराए के कमरे में परिवार के साथ रहती है। 28 जुलाई 2015 को किराए पर कमरा खोजते हुए रसूलपुर मोहल्ले में पहुंची थी। आरोप है कि किराने की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने कमरा दिलाने का झांसा देकर शाम को मिलने के लिए बुलाया। पहुंचने पर बाइक से सुनसान स्थान पर स्थित कमरे में ले जाकर तीन साथियों के साथ रेप किया।
पुलिस के मुकदमा दर्ज न करने पर पीड़ित ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट के निर्देश पर गोरखनाथ पुलिस ने रेप का मुकदमा दर्ज किया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। सोमवार को पीड़िता ने प्रेसवार्ता कर आरोपियों पर मुकदमा वापस लेने की धमकी देने का आरोप लगाया। कहा कि सुलह न करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी (सिटी) हेमंत कुटियाल ने बताया कि जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश सीओ गोरखनाथ को दिया है।