कुसम्ही बाजार में झगड़ा छुड़ाने गई पुलिस को सांप ने सांसत में डाल दिया। सांप डायल 100 गाड़ी के डैश बोर्ड में जाकर बैठ गया था। जैसे-तैसे एक ग्रामीण की मदद से गाड़ी मोहद्दीपुर लाई गई, तब जाकर डैश बोर्ड खोला गया और सांप को बाहर निकाला गया। इस दौरान चार घंटे तक पुलिस परेशान रही। उधर झगड़ा करने वाले बार-बार पुलिस को फोन कर रहे थे।
शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे कुसम्ही बाजार में एक भूमि पर हो रहे विवादित निर्माण की खबर पर डायल 100 की पीआरवी 0322 की गाड़ी मौके पर पहुंची थी। सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर पुलिस विवाद सुलझाने लगी, तभी एक सांप पुलिस वैन में घुस गया। एक लड़के ने सांप को घुसते देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस सांप को निकालने में उलझ गई। काफी कोशिश के बाद भी सांप नहीं निकला तो वैन को मोहद्दीपुर लाने का फैसला हुआ।
करीब छह बजे तक प्रयास चलता रहा। बड़ी मुश्किल से एक युवक कार चलाने को तैयार हुआ। एक पुलिस कर्मचारी को बैठाकर वह मोहद्दीपुर पहुंचा। दूसरे पुलिस कर्मचारी और गांव के लोग बाइक से पीछे-पीछे आए। मोहद्दीपुर में एक मैकेनिक ने डैश बोर्ड खोला तब जाकर सांप बाहर आया।