जेल में बंद बदमाशों ने प्रधान के बेटे से 50 हजार रुपये रंगदारी मांगी है। बात न मानने पर हत्या की धमकी दी है। पीड़ित की सूचना पर केस दर्ज कर चौरीचौरा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार भाऊपुर की प्रधान अनारी देवी के बेटे अमित कुमार के मोबाइल फोन पर शुक्रवार की दोपहर दो बजे अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल रिसीव करने पर दूसरे तरफ से बात करने वाले युवक ने अपना नाम कृष्णा चौधरी बताया। बगल में बैठे अपने दूसरे साथी दुर्गेश चौधरी से उसने अमित की बात कराते हुए एक सप्ताह के भीतर 50 हजार रुपये जेल में पहुंचाने की धमकी देना शुरू कर दिया। बात न मानने और पुलिस से शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
फोन कटने के बाद अमित ने मामले की जानकारी घरवालों के साथ ही रिश्तेदारों को दी। उनके कहने पर पुलिस अधिकारियों को सूचना देने के बाद चौरीचौरा थाने पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने कृष्णा और दुर्गेश के खिलाफ रंगदारी के लिए धमकी देने का केस दर्ज किया है। रंगदारी मांगने वाले दोनों बदमाश राघोपुर के पूर्व प्रधान मनोज यादव की हत्या के आरोप में बंद है। एसएसपी रामलाल वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन चल रही है।
जेल की सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल
प्रधान मनोज की हत्या में पुलिस ने दुर्गेश, कृष्णा चौधरी, शूटर आशु सिंह समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। 10 दिन पहले आशु सिंह ने मनोज के पिता जेल से फोन कर केस वापस लेने की धमकी दी थी। चार दिन पहले आशु सिंह ने लहसड़ी की रहने वाली महिला मीरा त्रिपाठी से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। घटना के तीन दिन बाद ही कृष्णा और दुर्गेश ने प्रधान से रंगदारी मांग जेल की सुरक्षा - व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।