शाहपुर इलाके के डेयरी रेलवे कॉलोनी के लोको ग्राउंड में बुधवार को हत्या कर फेंकी गई युवक की लाश मिली। उसकी गला रेतकर हत्या की गई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की कोशिश की, मगर पहचान नहीं हो सकी है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के लोको ग्राडंड मैदान में पानी की टंकी के नीचे दिन में करीब तीन बजे वाल्व मैन दुर्गा प्रसाद पांडेय ने शव देखकर सूचना स्थानीय पुलिस को दी। युवक काली छींटदार टीशर्ट और नीली जींस पैंट और लेदर का महंगा जूता पहने था। शव के पास ही शराब की दो खाली बोतल पड़ी हुई थी। दुर्गा के मुताबिक दिन में बारह बजे के आसपास पानी की सप्लाई बंद करने के बाद वह घर चला गया था, मगर उस समय तक शव वहां नहीं था। दिन में तीन बजे पानी की सप्लाई देने के लिए मोटर चालू करने आए थे। मोटर का स्विच ऑन करने के लिए सीढ़ी पर चढ़ते समय टंकी के नीचे युवक की लाश दिखी।
शव के चारों तरफ काफी खून पसरा हुआ था, जिससे स्पष्ट है कि पानी की टंकी के नीचे ही वारदात अंजाम दी गई। खून पूरी तरह से सूखा नहीं था। इस आधार पर माना जा रहा है कि शव देखे जाने से कुछ घंटे पहले ही युवक की हत्या की गई है। इकहरे बदन और गोरी रंगत वाले युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अभी उसके पहचान की कोशिश कर रही है।
शराब पिलाने के बाद हुई होगी हत्या
पास में शराब की बोतलें और स्थानीय लोगों द्वारा लोको ग्राउंड की बताई गई स्थिति से लगता है कि शराब पिलाने के बाद ही उसकी हत्या की गई होगी। स्थानीय लोग यहां जुटने वाले अराजकतत्वों के बारे में कई बार पुलिस से शिकायत कर चुके हैं, मगर पुलिस इस ओर ध्यान नहीं दे रही थी।