महावनखोर में रविवार सुबह टैंकर की चपेट में आए बाइक सवार सफाईकर्मी की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टैंकर में फंसी बाइक तीन किलोमीटर तक घिसटती रही। राहगीरों के घेराबंदी करने पर टैंकर छोड़कर चालक फरार हो गया। सफाईकर्मी छठ पूजा के लिए गन्ना लाने ससुराल जा रहे थे।
कैंपियरगंज, पीपीगंज प्रतिनिधि के अनुसार तिघरा गांव के चंद्रशेखर (37) ठेके पर सफाई का काम करते थे। रविवार सुबह पड़ोसी की बाइक लेकर छठ पूजा के लिए गन्ना लाने कैंपियरगंज के कुंजलगढ़ स्थित ससुराल जा रहे थे। महावनखोर चौराहे के पास फरेंदा से गोरखपुर की तरफ आ रहे टैंकर ने सामने से उन्हें टक्कर मार दी। पहिए के नीचे आने से चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई।
बोनट के नीचे बाइक फंसने के बाद चालक टैंकर लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए टैंकर का पीछा करने लगे। तीन किलोमीटर तक बाइक घिसटते हुए ले जाने के बाद पीपीगंज में बंजारा टोला के पास टैंकर छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टैंकर कब्जे में लेने के साथ ही चंद्रशेखर की पत्नी गुड्डी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। सफाईकर्मी के परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं।