बांसगांव थानाक्षेत्र के कौड़ीराम चौकी की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कस्बे के एक व्यवसायी के घर हुई चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज करने के 72 घंटे के भीतर ही पुलिस ने एक चोर को पकड़ लिया है और उसके पास से नकदी समेत करीब चार लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं।
बांसगांव थानाक्षेत्र के कौड़ीराम कस्बे में करीब एक सप्ताह पहले गौरीशंकर सेठ के घर से चोरों ने करीब साढ़े चार लाख के जेवरात और दो लाख रुपये नकदी उड़ा लिए थे। सोमवार की रात करीब 8 बजे कौड़ीराम चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चौराहे पर खड़े एक युवक को दबोच लिया। पकड़े गए युवक के पास से करीब चार लाख के जेवरात और 32 हजार 840 रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ में युवक की पहचान बांसगांव थानाक्षेत्र के धस्का निवासी अब्दुल सत्तार के बेटे इकबाल के रूप मे हुई। उसने सेठ के घर हुई चोरी में खुद के शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने चोर को जेल भेज दिया और उसके साथी की तलाश कर रही है।
पुलिसकर्मियों को सम्मानित करेंगे व्यापारी
गोरखपुर। चोरी का पर्दाफाश कर माल बरामद होने से कस्बे के व्यापारी पुलिस की सराहना कर रहे हैं। संयुक्त व्यापार मंडल कौड़ीराम के अध्यक्ष विश्वंभर पांडेय ने पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही है।