जालसाजी कर एसएसबी में भर्ती की कोशिश करने वाले एक और अभ्यर्थी को अधिकारियों ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक बिहार का रहने वाला है। पूछताछ के बाद भर्ती बोर्ड के कमांडेंट ने आरोपी को चिलुआताल पुलिस के हवाले करने के साथ ही जालसाजी का केस दर्ज कराया।
बिहार प्रांत के थाना बिगहा के गांव मिरजा के सुरेंद्र प्रसाद ने एसएसबी में भर्ती होने के लिए आवेदन किया था। दौड़ पास करने के बाद उसे दलाल ने तीन लाख रुपये में भर्ती कराने का झांसा दिया था। दिसंबर 2015 में हुई लिखित परीक्षा में वह शामिल नहीं हुआ था, उसकी जगह किसी दूसरे ने परीक्षा दी थी।
बुधवार को दौड़ और लिखित परीक्षा में दिए गए अंगूठे के निशान का जब मिलान हुआ तो दोनों अलग पाए गए। फोटो भी अलग था। एसएसबी भर्ती बोर्ड के कमांडेंट पी. बेहरा ने इस मामले में सुरेंद्र के खिलाफ चिलुआताल थाने में जालसाजी का केस दर्ज कराया।
14 मई से चल रही मेडिकल की प्रक्रिया में अब तक 12 अभ्यर्थी और एक दलाल पकड़े जा चुके हैं। लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों का पांच जून तक मेडिकल होगा।