शाहपुर इलाके में रोडवेज बस से कुचलकर एक महिला शिक्षक की मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज राहगीरों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी और चालक को भी पिटने लगे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस कब्जे में ले लिया और मौजूद लोगों को शांत कराया।
तिवारीपुर इलाके के सूर्य बिहार कॉलोनी निवासी चंद्रेश्वर त्रिपाठी सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। उनकी पत्नी निर्मला त्रिपाठी शाहपुर, कृष्णानगर स्थित हेरिटेज पब्लिक स्कूल में शिक्षक थीं। बृहस्पतिवार को गणतंत्र दिवस पर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के बाद वह स्कूटी से अकेले ही शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले पिता घनश्याम से मिलने जा रही थीं। इसी बीच वह महराजगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गईं। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
इससे नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। निर्मला की दो बेटी आयुषी (10) और आस्था (8) हैं। पुलिस के मुताबिक पति चंद्रेश्वर कोई परीक्षा देने के लिए हरिद्वार गए हुए हैं।
रोडवेज की बसें आमने-सामने भिड़ीं, 20 जख्मी
मोहरीपुर बाजार में शुक्रवार सुबह 9 बजे के करीब रोडवेज की दो बसों में आमने-सामने की टक्कर हो गई, इससे बस में सवार कई यात्री जख्मी हो गए। वहीं बस में पीछे से बाइक सवार दो लोग भी भिड़ गए, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। गोरखपुर से सवारी लेकर सिद्धार्थनगर डिपो की बस नौगढ़ जा रही थी।
मोहरीपुर में एक चार पहिया को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही विंध्यनगर डिपो की बस से टकरा गई। बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों सहित करीब 20 लोग जख्मी हो गए। दोनों बसों के चालक रामदवन, रमाशंकर पांडेय, कंडक्टर मोलहू और रवि प्रकाश सिंह भी घायल हुए। हादसे की वजह से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने किसी तरह से जाम हटवाया।