बुधवार को खोराबार थाने पहुंची बीएससी पास एक छात्रा ने पिता पर गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि मां को प्रताड़ित करने के बाद वह उन्हें बैंकाक में छोड़ आए और अब मुझ पर बुरी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने दूसरी शादी भी कर ली है और अपने भांजों से कहकर मेरा उत्पीड़न करा रहे हैं। मौसी और बहन के साथ थाने पहुंची छात्रा को पुलिस ने सोमवार को दोबारा बुलाया है, ताकि मामले की तफ्तीश की जा सके।
खोराबार प्रतिनिधि के मुताबिक बेलवार की रहने वाली छात्रा ने बताया कि उसके पिता मां को अक्सर ही प्रताड़ित करते थे। कुछ दिनों पहले वह उन्हें लेकर बैंकाक चले गए। वह तो लौट आए मगर मां नहीं लौटी। पूछने पर उन्होंने कुछ बताया भी नहीं। आशंका है कि मां को वहीं किसी के हाथों बेच दिया है। मानीराम की एक महिला से उन्होंने दूसरी शादी भी कर ली और अब हम लोगों को भी प्रताड़ित कर रहे हैं। वह मुझ पर बुरी नजर रख रहे हैं। इस वजह से मैं अपनी बहन के साथ मौसी से मिली और उन्हें पूरी बात बताई।
करीब 15 दिन पहले महिला थाने पर भी इसकी लिखित शिकायत की थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब जान को भी खतरा महसूस होने लगा है तो फिर पुलिस के पास आई हूं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों लड़कियों को मौसी के साथी पीपीगंज भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सोमवार को फिर बुलाया गया है।