जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार को नशे में धुत एक दंपती ने जमकर बवाल काटा। सूचना पर पुलिस के पहुंचते ही दोनों इमरजेंसी से बाहर सड़क पर आकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने किसी तरह उसके पति का इलाज कराया। वहीं पुलिस के जाते ही दोनों इमरजेंसी से खिसक लिए।
नशे में धुत दंपती शनिवार को कि सी बात को लेकर इमरजेंसी के सामने पुरानी जेल के पास सड़क पर आपस में झगड़ रहे थे। इसमेें पति के सिर व चेहरे पर काफी चोट लगी थीं। किसी ने इसकी सूचना-108 एंबुलेंस को दी तो घायल को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया। इससे नाराज महिला एंबुलेंस वाले पर जहर का इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाने लगी। महिला किसी से फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए इमरजेंसी के कर्मचारियों से मारपीट कर हंगामा करने लगी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस से महिला धक्का-मुक्की कर पति को लेकर इमरजेंसी से बाहर निकल गई और सड़क पर हंगामा करने लगी। किसी तरह कोतवाली पुलिस नशेड़ी को दोबारा इमरजेंसी लेकर पहुंची। इलाज के बाद पुलिस वहां से चली गई तो दोनों वहां से निकल गए।