युवती की गला रेत हत्या कर फेंकी लाश मिली
- फोटो : amar ujala
कुसम्ही। खोराबार के कुसम्ही जंगल में बृहस्पतिवार की सुबह युवती की गला रेत हत्या कर फेंकी लाश मिली। युवती के शव के पास झाड़ियाें पर संघर्ष के निशान साफ थे। शव से चंद कदम की दूरी पर ही सब्जी काटने का चाकू भी मिला। चप्पल और दुपट्टा थोड़ी दूरी पर पड़ा हुआ था। शव की सूचना पर आई पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस के मुताबिक युवती की उम्र 22 से 23 वर्ष के करीब है। आसपास संघर्ष के निशान देखने से लग रहा है कि युवती को कहीं और से लाकर वहां हत्या की गई है। घटनास्थल पर सब्जी काटने वाला चाकू भी मिला है। इससे यह साफ है कि हत्यारा पेशेवर नहीं है। आपसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस की अलग-अलग टीमें शव की शिनाख्त के लिए लगाई गईं हैं। पुलिस आसपास के जिलों से भी गुमशुदा युवतियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि पहचान की जा सके। सीओ कैंट प्रभात राय ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए पुलिस टीम लगी है। जल्द ही युवती की शिनाख्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जाएंगे।