पडरौना के तुलसी नगर मुहल्ले में मारपीट के दौरान चले ईट से क्षतिग्रस्त वाहन और घर के टूटे शीशे।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। होली के दिन बृहस्पतिवार की दोपहर में करीब एक बजे रंग डालने को लेकर कुछ लोगों ने शहर के रामकोला रोड पर जमकर उत्पात मचाया। लक्जरी गाड़ी को जहां क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं घर के दरवाजे व खिड़कियों पर लगे शीशे भी तोड़ डाले। यही नहीं एक व्यक्ति ने रिवाल्वर से फायरिंग भी किया, जिसकी आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग अपने घरों में दुबक गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और रिवाल्वर के कारतूस को मौके से बरामद किया। पीड़ित परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
शहर के रामकोला रोड स्थित तुलसीनगर मोहल्ले में कुछ लड़के आपस में रंग डालने को लेकर कहासुनी कर रहे थे। यह देख मोहल्ले के रहने वाले चंद्रशेखर जायसवाल के बेटे सागर ने उनका बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया। चंद्रशेखर ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि बीच-बचाव से नाराज युवक के परिजन उनके घर पहुंचकर हमला कर दिए।
दरवाजे पर खड़ी लक्जरी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। घर के दरवाजे व खिड़कियों के शीशे भी तोड़ दिए गए है। अभी वह लोग कुछ समझ पाते कि दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने रिवाल्वर निकालकर फायर झोंक दिया। घटना की जानकारी होने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके का जायजा लिया और रिवाल्वर के कारतूस को बरामद कर मामले की छानबीन में जुट गई।
कोतवाल मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर विपिन जायसवाल सहित 25 लोगों पर तोड़फोड़ सहित विभिन्न आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।