गोरखपुर। आर्केस्ट्रा ग्रुप में काम करने वाली युवतियों को मॉडलिंग का झांसा देकर जालसाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाज ने तीनों युवतियों को कोतवाली के एक होटल में ठहराया और फिर दस-दस हजार रुपये, एक कीमती मोबाइल लेकर फरार हो गया। जालसाज का मोबाइल स्विच ऑफ होने के बाद युवतियों को ठगी की जानकारी हुई।
तहरीर में दिए गए विवरण के मुताबिक झांसी के रहने वाले अंकुर जैन आर्केस्ट्रा ग्रुप चलाते हैं। उनके ग्रुप में दिल्ली की युवतियां भी काम करती हैं जो मॉडलिंग में भी किस्मत आजमा रही हैं। फेसबुक के जरिए उनकी बातचीत गोरखपुर के मनीष नाम के शख्स से हुई। उसने मॉडलिंग का झांसा देकर उन्हें गोरखपुर बुलाया।
कोतवाली इलाके के होटल में तीन कमरे बुक कराके उन्हें ठहराया। मनीष युवतियों का अलग-अलग फोटो भी शूट करता था। इसी बीच शनिवार को एक युवती का महंगा मोबाइल और तीनों से दस-दस हजार रुपये लेकर वह फरार हो गया। पुलिस मोबाइल नंबर, फेसबुक एकाउंट के जरिए जालसाज की तलाश में जुटी है।