गोरखपुर। गुलरिहा थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर एक खाली मकान में युवती की हत्या कर लटकाया गया शव मिला। युवती के पैर फर्श से सटे थे। गले व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट भी थी। पैर फर्श से लगे होने से पुलिस बलात्कार के बाद हत्या की बात कह रही है। युवती की पहचान नहीं हो सकी।
गुलरिहा प्राथमिक विद्यालय से सटे एक पुराना खाली मकान है। शुक्रवार सुबह उधर से गुजर रहे लोगों ने मकान में युवती का शव देखा और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने घटनास्थल पिपराइच थाना क्षेत्र का बताकर पिपराइच पुलिस को सूचना दी। बाद में दोनों थानों की पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से शव का पहचान कराने की कोशिश की। बताया गया कि पुराने मकान में बल्ली रखी गई है। उसी के सहारे दुपट्टे से युवती के गले में फंदा लगाकर शव को खड़ा किया गया था। कमरे में प्लाइवुड बिछाया गया था, इससे इस बात की भी आशंका है कि युवती के साथ बलात्कार के बाद घटना को अंजाम दिया गया है। पास में युवती का चप्पल भी मिला।
हाथ पर गोदने के निशान मिले युवती के दाएं हाथ पर अंग्रेजी में जितेंद्र व पिंकी गोदा हुआ था। वह पीला छींटदार कुर्ता, हरा व काला छींटदार सलवार पहने थी। पुलिस के मुताबिक शव की पहचान होते ही हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझेगी।
सीसी कैमरे में कैद है संदिग्धों की तस्वीर
जिस मकान में शव मिला उसके सामने एक मकान में लगे सीसी कैमरे में बृहस्पतिवार की रात तीन बाइक पर दो-दो युवक दिखाई दे रहे हैं। कैमरे की फुटेज के सहारे पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है।