मिलने नहीं गई तो प्रेमी ने जहर खा लिया, देखने गई तो पिता ने दे दी जान
पीपीगंज का मामला, बेटी और पत्नी के सामने ही नदी में कूद गया पिता
चार दिन बाद मिली लाश, पुलिस को बताए बिना घरवालों ने किया अंतिम संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
पीपीगंज (गोरखपुर)। बुलाने पर युवती नहीं गई तो प्रेमी ने जहर खा लिया। जब युवती उसे देखने अस्पताल गई तो उसके पिता ने नदी में कूदकर जान दे दी। घटना पीपीगंज के एक गांव की है। चार दिन बाद शुक्रवार को नदी में पिता का शव उतराया मिला। घर वालों ने पुलिस को बताए बिना ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
पीपीगंज के एक गांव की युवती का गांव के ही युवक से प्रेम संबंध चल रहा है। युवक ने पिछले दिनों फोन कर अपनी प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया था लेकिन वह नहीं जा सकी। इससे नाराज होकर प्रेमी ने जहर खा लिया। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जब युवती को इसकी जानकारी हुई तो वह उसे देखने मेडिकल कॉलेज चली गई, मगर इसकी जानकारी युवती के पिता को भी हो गई। ऐसे में पत्नी को बाइक से लेकर वह भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। वहां बेटी को देखकर वह काफी आहत हुए। पत्नी और बेटी को बाइक पर बैठाकर वह घर के लिए निकले। रास्ते में उन्होंने छककर शराब पी। इसके बाद घर जाने के बजाय वह मीरपुर ठोकर के पास पहुंचे। पत्नी और बेटी के सामने ही उन्होंने नदी में छलांग लगा दी। घर वालों ने नदी में उनकी काफी खोजबीन कराई गई, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार को उनका शव उतराया मिला।