मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई।
- फोटो : Amar Ujala
वार्ड में स्ट्रीट लाइट की समस्या दूर कराने की मांग को लेकर जलकल परिसर पहुंचे सपा पार्षद इरशाद अहमद की निगम के कर्मचारियों से बहस हो गई। गाली-गलौच करने पर निगम के कर्मचारियों ने पार्षद को पीट दिया। इसके बाद सपा के सभी पार्षद थाने पहुंचे और निगम के कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी। कर्मचारियों ने भी पार्षद पर गाली-गलौच करने और धमकी देने का आरोप लगाकर तहरीर दी है।
इन दिनों जाफरा बाजार वार्ड की गलियां में शाम होते ही अंधेरा हो जा रहा है। वार्ड के पार्षद इरशाद अहमद ने इस संबंध में कई बार नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग के सुपरवाइजरों को फोन करके जानकारी दी। शुक्रवार को उस वार्ड में पथ प्रकाश विभाग की गाड़ियों को जाना था। गाड़ियों के नहीं पहुंचने पर क्षेत्र के पार्षद इरशाद गोलघर में जलकल परिसर स्थित पथ प्रकाश विभाग के दफ्तर पहुंचे और सुपरवाइजर से भेदभाव का आरोप लगाते हुए शिकायत करने लगे। तभी दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। नौबत मारपीट तक आ गई और कर्मचारियों ने पार्षद को पीट दिया।
जानकारी मिलने के बाद सपा के सभी पार्षद जलकल परिसर पहुंच गए। वहां से कैंट थाने पहुंचे और एक नामजद समेत छह के खिलाफ तहरीर दी। इस दौरान सपा पार्षद दल के नेता रमेश यादव, पार्षद और सपा के महानगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम समेत सभी 11 पार्षद मौजूद रहे। वहीं बाद में कर्मचारियों की ओर से भी पार्षद के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दी गई। कर्मचारियों का कहना है कि पार्षद ने पथ प्रकाश विभाग के सुपरवाइजर के साथ गाली-गलौच की और परिसर से बाहर मिलने पर पीटने की धमकी दी। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त को भी जानकारी दे दी गई थी।
नगर निगम सपा पार्षदों के खिलाफ भेदभाव कर रहा है। भाजपा पार्षदों के वार्डों में सभी बिजली के खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को बदला जा रहा है। सपा पार्षदों के वार्डों में निर्धारित दिन भी लाइटों को ठीक नहीं जा रहा है। इसी शिकायत को लेकर पथ प्रकाश विभाग के दफ्तर पहुंचे थे, लेकिन धर्मेंद्र नाम के कर्मचारी समेत पांच लोगों ने मारपीट की। उनके खिलाफ तहरीर दी गई है।
- इरशाद अहमद, पार्षद, जाफरा बाजार
कर्मचारियों ने किसी पार्षद की ओर से गाली-गलौच किए जाने के संबंध में मोबाइल फोन पर जानकारी दी थी। उन्हें समझाकर शांत कर दिया गया। बाद में मामला शांत हो गया था।
- दीपक कुमार सिन्हा, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम