खोराबार (गोरखपुर)।
खोराबार गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने भूतपूर्व सैनिक की पत्नी की सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद बदमाश सिक्टौर की ओर फरार हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। पिछले कुछ दिनों से जिले में चेन स्नेचिंग की घटनाएं बढ़ी हैं, मगर पुलिस घटनाओं का पर्दाफाश नहीं कर पा रही है।
खोराबार गांव निवासी राजेंद्र सेना से सेवानिवृत्त है। पत्नी फूलादेवी के साथ गोरखपुर शहर किसी काम से आए थे। बुधवार को शहर में काम खत्म करने के बाद ऑटो से वह रानीडीहा तक गए और फिर पैदल ही गांव जा रहे थे। रास्ते में पति टॉयलेट को रुक गए और पत्नी थोड़ा आगे चली गई, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन उड़ा दी। फूलादेवी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र होने लगे मगर तक बाइक सवार लुटेरे फर्राटे भरते फरार हो गए। दोनों युवकों ने मुंह गमछे से बांध रखा था, जिससे फूलादेवी उनका हुलिया नहीं बता पाईं। पुलिस बाइक के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।