गोरखपुर।
शहर के दो अलग-अलग स्थानों में झपट्टा मारकर बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं के गले से सोने की चेन लूट ली। पीड़ित महिलाओं की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खोराबार के न्यू शिवपुरी कालोनी निवासी दिनेश सिंह मोहद्दीपुर स्थित प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। उनकी पत्नी नीशू सिंह शनिवार की सुबह घर से सामान लेने के लिए निकली थीं। कजाकपुर के पास बाइक सवार दो हेलमेट लगाए बदमाश उनके पास आए। अभी वह कुछ समझ पातीं इसके पहले बदमाशों ने उन्हें थप्पड़ मार दिया और गले से सोने की चेन खींच ली। चेन लूटकर बदमाश फर्राटे भरते फरार हो गए। नीशू सिंह ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाकर पीआरवी वैन पहुंच गई और चौकी लाई। पुलिस नीशू की तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।
दूसरी घटना गोरखनाथ क्षेत्र के राजेंद्रनगर पश्चिमी में हुई। यहां पर पल्सर सवार बदमाशों ने बृजेश कुमार सिंह की पत्नी सुनीता देवी के गले से सोने की चेन उड़ा दी। चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार रामपुर नयागांव निवासी सुनीता देवी शुक्रवार की रात आठ बजे के आसपास पास के चौराहे पर सब्जी खरीदने गई थीं। वापस लौटते समय पैदल ही अभी घर के पहुंची ही थीं कि पीछे से एक ही बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाश झपट्टा मारकर उनके गले में मौजूद सोने की चेन छी ली और फरार हो गए। पीड़िता ने चेन की कीमत एक लाख रुपये बताई है।