खोराबार (गोरखपुर)। जगदीशपुर में ट्रेनिंग सेंटर संचालित करने वालों ने विदेश भेजने के नाम पर लगभग 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। सेंटर के कर्मचारियों ने करीब 76 बेरोजगारों से रकम लेकर उन्हें फर्जी वीजा दे दिया था। शनिवार को पीड़ित युवकों ने एक आरोपी को पकड़ कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। ठगी के शिकार युवकों में अधिकांश बिहार के साथ ही कुशीनगर, देवरिया, गाेंडा, संकबीरनगर आदि जिलों के हैं। तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जगदीशपुर स्थित एक ट्रेनिंग सेंटर के कर्मचारी युवकों को विदेश भेजने का काम करते थे। कंपनी में चौरीचौरा के टेल्हनापार निवासी एक शख्स और जगदीशपुर की युवती सहित तीन लोग काम करते हैं। आरोप है कि तीनों ने विदेश भेजने के नाम पर देवरिया के गौरी खुर्द निवासी रामकेश साहनी, अरुण कुमार सिंह, शैलेष सिंह, मुकेश यादव, सुलेमान, नसीम सहित करीब 76 बेरोजगारों से कई बार में टिकट, मेडिकल जांच, वीजा के नाम पर 15 लाख रुपये वसूल लिए। बाद में चेक करने पर वीजा फर्जी निकला। आरोप है कि तीनों कई युवकों का पासपोर्ट भी लेकर तगादे के डर से अपना दफ्तर बंद कर फरार हो गए थे। शनिवार को जालसाजी के शिकार युवकों ने एक आरोपी कर्मचारी को पकड़ लिया। रामकेश साहनी ने अन्य युवकों से हस्ताक्षर कराकर पुलिस को तहरीर दी है।