गोरखपुर। सहजनवां स्थित एक कंपनी ने समय पूरा होने के बाद भी जमा रकम नहीं लौटाया तो शुक्रवार को एजेंट अपने ऊपर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश करने लगे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया। मैनेजर ने जल्द रकम वापस करने के आश्वासन दिया। उस पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
महराजगंज जिले के बृजमनगंज निवासी मनीष यादव, जियाउद्दीन, हृदेश यादव, अमित यादव, सिकंदर यादव, सत्य प्रकाश गोंड सहजनवां फोरलेन स्थित ट्रेटरी मल्टी स्टेट कोआपरेटिव की एट्यू सोसाइटी लिमिटेड की उप शाखा बृजमनगंज में एजेंट के रूप में कार्य करते थे। कंपनी में इन एजेंट की ओर से लोगों से 30 से 35 लाख रुपये जमा कराए गए थे। उपभोक्ता इनसे रकम की मांग कर रहे हैं। एजेंट का आरोप था कि शाखा में रकम न होने की बात कह कर उनको भगा दिया गया था। उसके बाद सभी एजेंट सहजनवां स्थित कंपनी के आफिस पर पहुंचे और मैनेजर से ग्राहकों की रकम लौटाने की मांग की।
मैनेजर ने रकम देने से इंकार कर दिया। उसके बाद सिंकदर यादव, सत्य प्रकाश गोंड कंपनी के कार्यालय के बाहर अपने ऊपर केरोसिन उड़ेल कर आत्मदाह का प्रयास करने लगे। लोगों ने दोनों एजेंट को बचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की बात कराई गई है। निर्धारित समय में रकम वापस न देने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।