साइकिल से गिरे किशोर की मौत
मां-बाप का इकलौता बेटा था, पिता की हो चुकी है मौत
साइकिल की चेन में पैंट फंसने से हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खोराबार के भैंसही तिराहे के पास साइकिल से गिरकर सागर पासवान (12) की मौत हो गई। चाऊमीन खाकर वह साइकिल से लौट रहा था। साइकिल की चेन में पैंट फंसने की वजह से हादसा हुआ। उसके सिर और सीने में गंभीर चोट आई थी। मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। सागर मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
खोराबार थाना क्षेत्र के बहरामपुर कुरमौल का सागर पासवान शुक्रवार की शाम को घर से साइकिल लेकर भैंसहा तिराहा से चाऊमीन खाकर लौट रहा था। रास्ते में उसकी पैंट साइकिल की चेन में फंस गई और वह नीचे गिर गया। उसके सीने और सिर में गहरी चोट आई। परिवार के लोग उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए थे। इलाज के दौरान शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई।
सागर के पिता अमरनाथ पासवान की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी मां सविता देवी रसोइया का काम करके परिवार का जीवन यापन करती हैं। पति की मौत के बाद सविता का इकलौता पुत्र ही सहारा था। सविता का रो रोकर उसका बुरा हाल है।