गोरखपुर। खजनी के खुटभार गांव में शनिवार की रात रिश्तेदारी में आए बनारसी (32) की पिटाई कर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। गांव में प्रेम संबंध में मारपीट की चर्चा है।
सहजनवां क्षेत्र के हरदी गांव निवासी रामलवट का बेटा बनारसी दो दिन पहले खुटभार गांव में अपने मौसा राममिलन के घर आया था। घरवालों के अनुसार शनिवार रात वह मौसेरे भाई अजीत के साथ पास में ही मोबाइल फोन चार्ज करने जा रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने बनारसी पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने हालत नाजुक देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई। बनारसी की शादी हो चुकी थी तथा तीन बच्चे हैं। पुलिस भाई अजित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।