अश्वनी की मौत के बाद बिलखते घरवाले।
- फोटो : Amar Ujala
मंगलवार को दो सड़क हादसों में दो लोंगों की की मौत हो गई। पहला हादसा मोहद्दीपुर में हुआ, जहां टेंपो की चपेट में आने से स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई। आरोप है कि समय से न तो एंबुलेंस आई और न पुलिस ही पहुंची। वहीं दूसरा हादसा सहजनवां के गीडा में हुआ, जहां डंपर की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई।
चौरीचौरा के भैंसही नरेश निवासी अश्वनी सिंह गोलू (18) बीए का छात्र था। सोमवार को वह पैडलेगंज स्थित चाचा के घर आया था। मंगलवार दोपहर ढाई बजे वह स्कूटी से घर जा रहा था। मोहद्दीपुर में मारुति शोरूम के पास टेंपो ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। घरवालों का आरोप है कि स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और 108 एंबुलेंस को भी फोन किया। लेकिन समय पर मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। इससे अश्वनी की मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए था।
वहीं सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार, मंगलवार सुबह गीडा स्थित एक फैक्ट्री में बिहार के दरभंगा मालहनपुर गांव निवासी गंगादास (45) मजदूरी करते थे। सुबह वह फैक्ट्री जा रहे थे। गेट के पास ही डंपर ने उन्हें चपेट में ले लिया। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें सहजनवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।