पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
- फोटो : Amar Ujala
पुलिस विभाग से रिटायर्ड दरोगा नवल किशोर राव के बेटे लोकेंद्र की गला काटकर हत्या कर सिर गायब करने का आरोपी इनामी बदमाश रमेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। चौथा आरोपी रमेश तीन साल से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। झंगहा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मोतीराम अड्डा पॉवर हाउस के पास से रमेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
पुलिस लाइंस में एसपी नार्थ गणेश साहा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बदमाश के पकड़े जाने की जानकारी दी। एसपी नार्थ ने बताया कि कुशीनगर, हाटा के बड़ा बुजुर्ग के मूल निवासी रिटायर दरोगा नवल किशोर राव का बेटा लोकेंद्र उर्फ कन्हैया शहर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता था। लोकेंद्र की दोस्ती इसी दौरान कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों से हो गई। तीन नवंबर 2014 को लोकेंद्र अचानक कमरे से निकला और लापता हो गया। उसी समय बेलीपार थाना क्षेत्र में एक सिर कटी युवक की लाश मिली। सात नवंबर 2014 को युवक की पहचान लोकेंद्र के रूप में हो गई।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया और जांच में जुट गई। जांच में कैंट के बिंलदपुर बांसगांव कॉलोनी निवासी अनिमेष लाला, महराजगंज जिले के खड़ेसरी निवासी शक्तिधर सिंह और बेलीपार के कटाई गांव के सोनू का नाम सामने आया। इन्हें गिरफ्तार कर पुलिस घटना का पर्दाफाश कर दिया और चौथे आरोपी रमेश यादव की तलाश में जुट गई। रमेश बेलीपार के करजही का रहने वाला है। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी रमेश को गिरफ्तार किया।
रमेश ने दिल्ली में खोल ली थी पान की दुकान
हत्या के बाद से ही फरार बदमाश रमेश यादव दिल्ली में पान की दुकान खोल ली थी। वह छिपकर घर आता था और फिर फरार हो जाता था। मामला पुराना होने की वजह से पुलिस भी इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दे रही थी। इसी बीच एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने पुराने मामलों में वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम को सफलता मिली।