चिलुआताल के नकहा में रेलवे क्वार्टर में मायके आई महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। आठ माह पहले उसने मोहल्ले के बगल में रहने वाले एक युवक से प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके और ससुराल वालों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
पीपीगंज के जंगल अगही निवासी बलराम निषाद रेलवे में फीटर पद पर कार्यरत हैं। वे नकहा रेलवे स्टेशन के पास न्यू रेलवे कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। बलराम की बेटी संध्या निषाद (20) ने इलाके के राज गौशाला निवासी मनीष गोंड के साथ प्रेम विवाह किया था। छह मार्च को दोनों ने परिवार की मर्जी से गोरखनाथ मंदिर में शादी की थी। मोहद्दीपुर में मनीष किराए का कमरा लेकर पत्नी संध्या के साथ रहता था।
गुरुवार को संध्या के कहने पर मनीष उसे लेकर नकहा रेलवे क्वार्टर पर पहुंचा। संध्या ने ससुराल में पति को रुकने के लिए कहा, लेकिन वह काम की बात कहकर मोहद्दीपुर आ गया। रात किसी समय संध्या ने फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार की सुबह पिता बलराम निषाद की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। ससुराल पक्ष के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। एसओ ने कहा कि किसी ने तहरीर नहीं दी है, आत्महत्या की वजह पुलिस तलाश रही है।