कैंपियरगंज।
मातनहेलिया पेट्रोल पंप से तेल चोरी के मामले में केस दर्ज हो गया। पंप की मशीनों की जांच में पल्सर यूनिट में छेड़छाड़ की बात सामने आई थी। इसकी पुष्टि को एक्सपर्ट रिपोर्ट का इंतजार हो रहा था। जांच रिपोर्ट आने के बाद शुक्रवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश चंद्र ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पेट्रोल पंप का लाइसेंस पहले ही निरस्त हो चुका है।
मालूम हो कि लखनऊ के एक पेट्रोल पंप के मशीन से तेल चोरी का मामला पकड़ा गया था। इसके बाद ही प्रदेश में एसटीएफ, बाट-माप और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर जांच की थी। इस दौरान ही मातनहेलिया पेट्रोल पंप और पिपराइच के तुरा फीलिंग स्टेशन में कमी पाई गई थी। दोनों ही जगहों पर पल्सर यूनिट में छेड़छाड़ की पुष्टि हुई। बृहस्पतिवार को पिपराइच में पंप के खिलाफ केस दर्ज कराया था। शुक्रवार को मातनहेलिया पंप की रिपोर्ट आने के बाद ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
कई और पंप पर हो सकती है कार्रवाई
गोरखपुर। जांच के दौरान ही कई और पंप पर कमी सामने आई थी। इनकी भी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। विभागीय अफसरों की माने तो अभी कुछ और पंप से कमी की रिपोर्ट आ सकती है। कमी आई तो केस दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।