गोरखपुर। जिले में चोरों ने ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार की रात चार दुकानों का ताला तोड़कर चोर नगदी सहित लाखों का सामान चुरा ले गए। वहीं दो मकानों में भी चोरों ने हाथ साफ कर लिया। सभी घटनाओं में सिर्फ खोराबार की घटना का पर्दाफाश हो सका है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने चोर को पकड़ लिया। गोला में जिस कारोबारी के घर चोरी हुई। कुछ दिन बाद उसकी बेटी की शादी है।
गोला प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बे के वार्ड संख्या नौ में अकबर अली राईन की दुकान है। उसी में मकान भी है। रविवार रात घर में सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। और दुकान, मकान से एक लाख रुपये नकद, लाखों के जेवरात सहित अन्य सामान चुरा लिए। सुबह घरवालों को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि अगले महीने लड़की की शादी है, जिसके लिए जेवर, अन्य सामान खरीदे गए थे। कैस बॉक्स में एक लाख रुपये भी था। वहीं वार्ड 10 निवासी बृजन जायसवाल व कन्हैया वर्मा के मकानों को चोरों ने निशाना बनाया। दोनोंमकान में ताला बंद था। घर के किसी सदस्य के न होने से चोरी का आकलन नहीं हो सका है।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार, इलाके के रामनगर कड़जहा चौराहे पर रायगंज निवासी पुरुषोत्तम वर्मा की हार्डवेयर की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने वहां रखे सामान चोरी कर लिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उसकी मदद से पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी ने संजय बरनवाल की दुकान को भी निशाना बनाया। उसके पास से 11 सौ रुपये नगद, हार्डवेयर के सामान बरामद हुए हैं। पुलिस छानबीन में जुटी है।
सरहरी प्रतिनिधि के अनुसार, गुलरिहा थानाक्षेत्र के महराजगंज चौराहे पर देसी शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोर चार पेटी शराब, 15 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। सुबह जानकारी होने पर मुनीम जगदीश ने मालिक अशोक जायसवाल को घटना की सूचना दी और फिर सरहरी चौकी में तहरीर दी।
इनसेट
मोबाइल की दुकान में चोरी
गोरखनाथ इलाके के रामनगर चौराहे पर खालिद हसन खान के मकान में ही मोबाइल की दुकान है। रविवार की रात दस बजे दुकान बंद हो गया। इसके बाद चोर दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित अन्य सामान चुरा ले गए। सुबह घर के सदस्य बाहर टहलने के लिए निकले, तो चोरी की जानकारी हुई। खालिद हसन ने चोरी की सूचना यूपी 100 को दी। सीओ गोरखनाथ ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। खालिद ने बताया की दुकान के अंदर से 20 हजार नकद, 30 हजार का रिचार्ज कूपन, 16 पुराने मोबाइल फोन चोरी हुए हैं।