चिलुआताल। बरगदवा चौराहे के करीब रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। मां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे को गंभीर हाल में अस्पताल लाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चिलुआताल के कड़जहा गांव निवासी धर्मेंद्र सुबह मां बच्ची देवी (45) को बाइक से लेकर खजांची चौराहे के पास एक अस्पातल में भर्ती रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। बरगदवा चौराहे के पास सामने से खाद लेकर जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। बच्ची देवी ट्रक के नीचे आ गईं और मौके पर उनकी मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आननफानन में अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के चार बेटे और एक बेटी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।