बेलघाट क्षेत्र में शुक्रवार की शाम कलेक्शन एजेंट पर तमंचा बदमाशों ने 70 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। बकाएदारों से रुपये लेकर वह बेतियाहाता स्थित कंपनी के आफिस लौट रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों के बारे में छानबीन की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पीड़ित ने तहरीर दी है।
बेलघाट प्रतिनिधि के अनुसार संतकबीरनगर, धनघटा के परसहर पूर्वी निवासी घनश्याम सिंह बेतियाहाता की एक फर्म में कलेक्शन एजेंट हैं। शुक्रवार की सुबह वह बेलघाट क्षेत्र में बकाएदारों से कलेक्शन लेने गए थे। शाम पांच बजे वह बाइक से आफिस लौट रहे थे। पिपरसंडी गांव के पास आए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
पीछे बैठे बदमाश ने तमंचा तान बैग और मोबाइल छीन लिए। बैग में 70 हजार रुपये थे। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। राहगीरों की मदद से घनश्याम ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। एसओ रामाज्ञा सिंह ने घेराबंदी कर बदमाशों के बारे में छानबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। देर शाम खबर पाकर कंपनी के कर्मचारी भी बेलघाट थाने पहुंच गए। एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश एसओ को दिया है।
्र
हाल में हुईं लूट की घटनाएं
18 अप्रैल : बड़हलगंज में सेल्समैन को लूटा
15 अप्रैल : गगहा में सीआरपीएफ जवान से 75 हजार की लूट
13 अप्रैल : खजनी में तमंचे के बल पर 40 हजार की लूट
02 अप्रैल : पीपीगंज में सर्राफा और कर्मचारी को गोली मारकर लूटपाट
02 अप्रैल : बेलघाट में लूट में नाकाम बदमाशों ने मारी गोली
01 अप्रैल : गोला में गैस एजेंसी के कर्मचारियों से 60 हजार की लूट