गोरखपुर। शाहपुर इलाके के शिवपुर सहबाजगंज निवासी अमित कुमार सिंह ने रेलवे के इंजीनियर अशोक कुमार, उनकी पत्नी ममता देवी और पुत्र अमित कुमार पर गोरखनाथ थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में केस दर्ज कराया था। आरोप है कि इन लोगों ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये ऐंठ लिए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
एक रिश्तेदार के माध्यम से कुछ दिन पहले अमित कुमार सिंह की मुलाकात जटेपुर उत्तरी के अमित कुमार से हुई थी। अमित कुमार ने उनको बताया कि उसके पिता रेलवे में इंजीनियर हैं और जीएम से उनका गहरा संबंध है। वह कई लोगों को रेलवे में नौकरी दिला चुके हैं। आरोप है कि अमित कुमार ने 15 लाख रुपये रुपये खर्च करने पर रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
पीड़ित के मुताबिक उन्होंने अमित कुमार के घर जाकर दो बार में पूरी रकम दे दी। आरोप है कि उन्होंने यह रकम अमित कुमार के साथ ही उसके माता-पिता को दी थी। नौकरी नहीं मिली तो वह रकम वापस मांगने लगे। आरोपियों ने रकम देने से इन्कार कर दिया और धमकी देने लगे। उसके बाद उन्होंने गोरखनाथ थाने में तहरीर दी।