गोरखपुर। कैंट इलाके के कूड़ाघाट के पास रोडवेज बस की चपेट में आने से साइकिल सवार दंपती घायल हो गए। वहीं बस के नीचे आने से उनके ढाई साल के बेटे की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया। यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया।
खोराबार थाना क्षेत्र के जर्दा गांव निवासी राजकुमार पासवान पत्नी वेदांती और ढाई साल के बेटे हिमांशु के साथ शहर में किसी काम से आए थे। बुधवार की शाम करीब रात साढ़े आठ बजे वह साइकिल से ही लौट रहे थे। अभी वे कूड़ाघाट स्थित आर्मी स्कूल के सामने पहुंचे थे। तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस की चपेट में साइकिल आ गई। हिमांशु छिटककर बस के पहिये के नीचे आ गया। मौके पर ही मासूम की मौत हो गई। राजकुमार और वेदांती घायल हो गए। लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल भेजा गया।