मीरगंज के चितांव गांव स्थित बनई नाला में आए बारिस के पानी की वजह से खेतों में लगा पानी ।
पिपरौली बाजार (गोरखपुर)। सहजनवां के बड़गहन गांव में ईंट भट्ठे के पास मिट्टी निकालकर छोड़े गए गड्ढे में भरे बरसात के पानी में डूबकर दस वर्षीय हिमांशु की मौत हो गई। वह साथियों के साथ गड्ढे में नहा रहा था। डूबने लगा तो साथियों ने बचाने की काफी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। गड्ढा मंगलवार की रात हुई बारिश के पानी से भरा था। घटना से ग्रामीणों में रोष है। पुलिस और लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
हिमांशु बड़गहन के लालचंद का बेटा था। बृहस्पतिवार की सुबह वह घर से करीब एक किलोमीटर दूर ईंट भट्ठे के पास गड्ढे में भरे बरसात के पानी में नहा रहा था। इसी दौरान घटना हुई। हिमांशु के साथियों के शोर मचाने पर वहां मौजूद कुछ चरवाहे भी गड्ढे में कूद गए और हिमांशु को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गड्ढे में डूबकर किशोर की गई जान
कैंपियरगंज। सहजनवां के बड़गहन गांव जैसी ही घटना बृहस्पतिवार को सोनौरा बुजुर्ग में भी हुई। यहां शाम के समय सड़क किनारे बने गड्ढे में नहा रहा चंदन(14) डूब गया। वह सोनौरा बूजुर्ग के रामचेला गौड़ का पुत्र था। आस-पास के लोग उसे निकालकर स्थानीय सीएचसी ले गए। सीएचसी के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।