गोरखपुर । यूनिवर्सिटी कैंपस में खुद को ज्यादा मजबूत बताने की होड़ में दो गुटों के बीच चल रही रार, सोमवार को मारपीट में बदल गई। बीए के छात्र के समर्थन में आए एक दर्जन मनबढ़ों ने विधि छात्र को संवाद भवन चौराहे के पास घेरकर हमला बोल दिया और मारपीट कर घायल कर दिया। विधि छात्र को बचाने जब चीफ प्रॉक्टर और सिक्योरिटी गार्ड पहुंचे तो मनबढ़ बीच बचाव करने वालों को देख लेने की चेतावनी देते हुए वहां से फरार हो गए। बवाल की सूचना पाकर मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट विवेक श्रीवास्तव और सीओ कैंट भी पहुंचे। मामले की जांच की जा रही है।
बवाल की बुनियाद दो दिन पहले कला संकाय फैकल्टी के पास पड़ी, जहां बीए के छात्र और विधि चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बाद में दोनों ही विद्यार्थियों के समर्थन में कई छात्र वहां पहुंचे और कहासुनी हुई। सोमवार को बीए छात्र के समर्थन में आए मनबढ़ों ने विधि छात्र को संवाद भवन चौराहे के पास घेर लिया और पीटने लगे।
जान बचाने के लिए छात्र राजनीतिशास्त्र विभाग की ओर भागा तो वहां भी उसका पीछा किया। बवाल की सूचना पाकर मौके पर विधि छात्र के समर्थन में भी कुछ लोग पहुंचे। तब तक किसी ने इसकी जानकारी चीफ प्रॉक्टर और सिक्योरिटी गार्डों को दे दी। वो भी मौके पर पहुंचे लेकिन इसके बाद भी मनबढ़ों के तेवर में कोई बदलाव नहीं आया। बचाने वाले शख्स की फोटों खींचकर बाद में निपटने की धमकी देने लगे। इस दौरान गार्ड ने एक मनबढ़ को पकड़ लिया, मगर वो धक्का देकर फरार हो गया।