पिपरौली(गोरखपुर)। सहजनवां क्षेत्र के पिपरौली बाजार में घर के सामने चार पहिया वाहन खड़ा करने पर बवाल हो गया। आरोप है कि ठेकेदार को गाड़ी खड़ी करने से मना करने पर मारपीट हुई और फिर ठेकेदार के समर्थकों ने कई राउंड फायर कर दहशत फैला दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बनौड़ा गांव निवासी संदीप सिंह ठेकेदार हैं। शुक्रवार रात आठ बजे के करीब वह अपने चार पहिया वाहन से पिपरौली बाजार गए थे। उन्होंने विशाल के घर के सामने गाड़ी खड़ी कर दी। रास्ता बंद होने पर विशाल ने जब आपत्ति जताई तो संदीप और उनके भाई पंकज ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। आसपास के लोग एकत्र हो गए और दोनों भाइयों से मारपीट कर ली। कुछ लोगों ने बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि इसके बाद पंकज ने गांव से कुछ लोगों को बुला लिया और विशाल के घर पर कई राउंड फायरिंग की। इतना ही नहीं बाजार में घूम-घूम कर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई गई।